जालंधर, योगेश कत्याल:- जालंधर में वडाला चौक के पास रविवार को दिन दहाड़े गोलियां चल गई। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच के लिए थाना भार्गव कैंप की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मिली जानकारी के अनुसार गोली लगने से घायल हुआ युवक और हमलावर एक ही बस से नीचे उतरे थे। वडाला चौक के पास हमलावर गोली मारकर मौके से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त आरोपी हमलावर भी उसी बस में सवार था, जिस बस से युवक नीचे उतरा था। घायल युवक बस से नीचे उतर कर वडाला चौक की ओर जा ही रहा था कि इतने में हमलावर पीछे से आया और गोली चला दी। कमर के पास गोली लगने से युवक घायल हो गया। बताया जाता है कि गोली कमर के आरपार हो गई। फिलहाल वह बयान देने की स्थिति मे नहीं था। जिसके चलते पुलिस उसके बयान नहीं दर्ज कर पाई है। ना ही जख्मी युवक की पहचान हुई है। थाना भार्गव कैंप की पुलिस जल्द मामले में आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करने की तैयारी में हैं। सारे घटनाक्रम का एक सीसीटीवी सामने आया है। जिसमें आरोपी पीड़ित को गोली मारता हुआ नजर आ रहा है। राहगीरों के मुताबिक उक्त आरोपी वारदात के बाद मौके से भाग गया था। जिसके बाद आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। वहीं, क्राइम सीन पर काफी खून बिखरा हुआ था। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की पहचान करनी शुरू कर दी है।














